बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि देश के कई हिस्सों में छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और कई अन्य के बंद होने की आशंका है। तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर बताए जा रहे हैं। वहीं गुजरात के मोरबी में भी कई उद्योग बंद होने से बड़ी संख्या में लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े फैसलों का सही प्रबंधन न होने से देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और छोटे व्यवसायों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पार्टी ने केंद्र सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की है।

