वाराणसी,पी.एम. कम्पोजिट विद्यालय परशुरामपुर, विकासखंड नरायनपुर, जनपद मिर्जापुर के लगभग 50 छात्र-छात्राओं का एक दल मंगलवार को स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, बेनपुरवा, रमना, वाराणसी में शैक्षिक भ्रमण पर पहुँचा। यह भ्रमण शैक्षिक ट्यूनिंग कार्यक्रम के अंतर्गत दूसरी बार आयोजित किया गया।इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षिक अनुभवों, अधिगम की नई विधियों तथा संवादात्मक शिक्षण की प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करना था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 12 फरवरी 2026 को भी इसी कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम भ्रमण आयोजित किया गया था, जिसमें विज्ञान, गणित और हिन्दी विषयों पर संवाद सत्र आयोजित हुआ था।विद्यालय परिसर में पहुँचने पर अतिथि विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं, कक्षाओं तथा शैक्षिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान छात्रों ने पाठ्यचर्या, संवादात्मक शिक्षण पद्धतियों तथा अधिगम की नई-नई बारीकियों को समझा और अपने अनुभव साझा किए।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के छात्रों ने अध्ययन की नवीन तकनीकों, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा सहपाठी अधिगम से संबंधित विचारों का आदान-प्रदान किया। इससे बच्चों में सीखने की उत्सुकता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहन मिला।
पी.एम. विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष प्रसाद सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास तथा व्यापक शैक्षिक दृष्टिकोण प्राप्त होता है। भ्रमण के अंत में छात्रों ने इस अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की।भ्रमण के दौरान भाषा एवं तकनीकी विषयों से संबंधित एक छोटी मौखिक परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें यह पाया गया कि अनुकूल शैक्षिक परिवेश और संरचना विद्यार्थियों की सीखने की प्रवृत्ति को सकारात्मक रूप से प्रभावित करते हैं।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे, छात्रावास अधीक्षक ले. एम. एस. यादव (सेवानिवृत्त) सहित सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में पी.एम. विद्यालय परशुरामपुर की शिक्षिका वन्दना सिंह, राजेश श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र यादव, अमरेश सिंह, जंगबहादुर यादव, सुरेन्द्र कुमार सिंह तथा रीता देवी सहित अन्य शिक्षकों की भी सहभागिता रही।

