बरेका अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 : सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम बनी चैंपियन

वाराणसी, बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 का फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच इंजन डिवीजन और सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम के बीच हुआ, जिसमें सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।मैच से पूर्व मुख्य अतिथि वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एवं सचिव (क्रिकेट) एस.के. सिंह, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव, परिषद सदस्य श्रीकांत यादव, मनीष कुमार सिंह तथा सुशील कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अमित कुमार सिंह ने शानदार 51 रन बनाए। लक्ष्मी शंकर ने 30 रन, अमित कुमार ने 22 रन, मुन्ना यादव ने 19 रन तथा आनंद वार्ष्णेय ने 12 रन का योगदान दिया।

इंजन डिवीजन की ओर से गेंदबाजी करते हुए बालाजी और रवि प्रजापति ने दो-दो विकेट जबकि मृत्युंजय सिंह ने एक विकेट हासिल किया।168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजन डिवीजन की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मृत्युंजय सिंह ने 38 रन, शिवलाल यादव ने 24 रन, संतोष कुमार ने 18 रन तथा दिनेश यादव ने 16 रन बनाए।सिविल, भंडार एवं डिपो की ओर से गेंदबाजी करते हुए जगदीश्वर सोरेन, सुनीत कुमार, अमित कुमार, प्रशांत तथा आनंद वार्ष्णेय ने एक-एक विकेट लिया।मैच के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।मैच समाप्ति के बाद कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव ने सिविल, भंडार एवं डिपो टीम के कप्तान अमित कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post