शहर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर रविवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर के पास NSUI के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को खदेड़ दिया और उनके गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई।बताया जा रहा है कि NSUI के पदाधिकारी शहर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर विरोध जता रहे थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नाले से प्रतीकात्मक रूप से गैस निकालने की कोशिश कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को वहां से हटाने की कोशिश की, जिस पर छात्रों और पुलिस के बीच कहासुनी और नोकझोंक होने लगी। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया और उनके पास मौजूद गैस सिलेंडर को जब्त कर लिया।फिलहाल पुलिस विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है। यह पूरा मामला सिगरा थाना क्षेत्र स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का बताया जा रहा है।
.

