मिशन शक्ति 5.0 के तहत बाइक रैली, पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी

महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को पुलिस लाइन से भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली को मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेशभर में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके प्रति अपराधों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने जानकारी दी कि वाराणसी के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो एक तरह से “मिनी महिला थाना” के रूप में कार्य कर रहे हैं। यहां केवल महिलाओं से जुड़ी शिकायतें सुनी जाती हैं और इनका संचालन महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जाता है, जिसमें महिला एसआई और सिपाही तैनात रहती हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कई महिलाएं थाने जाने या पुरुष पुलिसकर्मियों के सामने अपनी समस्या रखने में झिझक महसूस करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसा माहौल तैयार किया गया है, जहां महिलाएं बिना डर और संकोच के अपनी बात रख सकें।उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्रों को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज करा रही हैं। कई मामलों का समाधान काउंसलिंग के माध्यम से किया जा रहा है, जबकि गंभीर मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाती है।अभियान की एक खास विशेषता यह भी है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी तीन महीने तक पीड़ित महिला के संपर्क में रहकर फीडबैक लिया जाता है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की उत्पीड़न की घटना न हो। न्यायालय में चल रहे मामलों में भी प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post