चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन मां श्रृंगार गौरी के दर्शन-पूजन का विशेष महत्व होने के चलते ज्ञानवापी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्त जयकारों के बीच माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्रि की चतुर्थी तिथि पर मां श्रृंगार गौरी के दर्शन और पूजन से सुख-समृद्धि, सौभाग्य और परिवार में खुशहाली आती है। माना जाता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई आराधना से मां अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और जीवन के कष्टों को दूर करती हैं।
इसी परंपरा के तहत काशी के स्थानीय निवासियों सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ भाग लिया। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सुचारु रहीं, जिससे दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।यह आयोजन गहरी धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक बनकर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

