वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया और श्रद्धालुओं के साथ संवाद भी किया। मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में व्यापक इंतजाम किए गए थे।
पूजन के बाद सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित की गई थी। कार्यक्रम के बाद दर्शन-पूजन की सामान्य व्यवस्था बहाल कर दी गई।

