दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल में ‘पंडित’ शब्द को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस मुद्दे को लेकर कुछ वकीलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के खिलाफ नाराजगी जताई और पुतला फूंकने की कोशिश की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा में पूछे गए सवाल के माध्यम से ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत किया गया है। उन्होंने इसे सुनियोजित सियासी मुद्दा बताते हुए कहा कि इस तरह के सवालों से समाज विशेष का अपमान किया जा रहा है।
विरोध कर रहे अधिवक्ताओं ने मांग की कि इस मामले में पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रदर्शन के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता श्रीपति त्रिपाठी और आलोक कुमार ने कहा कि ब्राह्मण समाज का लगातार अपमान किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

