वाराणसी,डीएवी पीजी कॉलेज में गुरुवार को आयोजित पुरा छात्र सम्मेलन (एलुमनी मीट) में 150 से अधिक पूर्व छात्र शामिल हुए। इस दौरान वर्षों बाद मिले पूर्व छात्रों के चेहरे खुशी से खिले नजर आए। सभी ने एक-दूसरे से मुलाकात कर अपने कॉलेज जीवन की पुरानी यादें साझा कीं और स्मृतियों में खो गए।कॉलेज के स्वर्गीय पी.एन. सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन आइक्यूएसी के तत्वावधान में किया गया। सम्मेलन की शुरुआत पूर्व छात्रों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। कार्यक्रम में गीत-संगीत के बीच पूर्व छात्रों ने अपने कॉलेज के दिनों के रोचक किस्से भी सुनाए।
इस अवसर पर चिंतामणि गणेश मंदिर के महंत चल्ला सुब्बाराव, लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व हेड एवं डीन प्रो. आई.डी. गुप्ता, खेदनलाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं उद्यमी विजय प्रकाश जायसवाल, राष्ट्रपति सम्मान से पुरस्कृत प्रवक्ता रामलाल यादव तथा प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए प्रो. आई.डी. गुप्ता ने कहा कि हम आज जो भी हैं, वह अपने गुरुजनों के आशीर्वाद के कारण हैं। उन्होंने कहा कि आज का समय नवयुवकों का है और देश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा केवल विषय आधारित न होकर व्यक्तित्व निर्माण पर आधारित होनी चाहिए।सम्मेलन के दौरान पूर्व छात्रों ने कॉलेज से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और संस्थान के विकास के लिए सहयोग देने की बात भी कही।

