वाराणसी। रमजान माह के आखिरी जुमा यानी अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को वाराणसी में जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट रहा। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा व्यापक पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस टीम के साथ नदेसर स्थित जामा मस्जिद से भ्रमण शुरू किया। इसके बाद नई सड़क स्थित लंगड़ा हाफिज मस्जिद और दालमंडी क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम चौक क्षेत्र होते हुए ज्ञानवापी मस्जिद तक पहुंची और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में पहली बार महिला कमांडो को भी तैनात किया गया। फ्लैग मार्च में आरआरएफ के शिव हरी मीणा और गौरव बसंवाल, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, दशाश्वमेध थाना प्रभारी, लक्सा थाना प्रभारी राजू सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए डॉग स्क्वायड टीम और बम निरोधक दस्ता भी तैनात किया गया था। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

