जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राथमिकता वाले 37 बिंदुओं और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसमें फैमिली आईडी, पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालय निरीक्षण, दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति, आयुष्मान कार्ड, पशुधन विभाग, टीकाकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास शहरी, एनआरएलएम, मनरेगा, मुख्यमंत्री आवास, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आंगनबाड़ी पोषण अभियान और कौशल विकास मिशन सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कराया जाए और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाया जाए।उन्होंने नई सड़कों के निर्माण और सड़कों के अनुरक्षण कार्यों में आवंटित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने पर जोर दिया। समाज कल्याण अधिकारी को लंबित छात्रवृत्ति का डाटा अग्रसारित करने और पंचायती राज अधिकारी को खराब प्रदर्शन करने वाले ग्रामों की समीक्षा कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के मद्देनजर सभी विभाग अपने बजट की समीक्षा कर उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष प्रस्तावित कार्यों को पूरा कराते हुए शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
