चैत्र नवरात्र में वाराणसी में बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें, महापौर ने दिए सख्त निर्देश

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया।बैठक में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्र से पहले शहर के सभी प्रमुख देवी मंदिरों को जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर तत्काल पैचवर्क और गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़कों के किनारे नियमित चूने का छिड़काव करने को कहा गया।जलकल विभाग को सख्त हिदायत दी गई कि पर्व के दौरान कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए और पेयजल आपूर्ति सुचारू बनी रहे। वहीं आलोक विभाग को मंदिरों से जुड़े मार्गों पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post