जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू, 18 मार्च तक चलेगा कार्यक्रम

भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को यूपी कॉलेज के सभागार में प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के लिए जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण 18 मार्च तक चलेगा। इसके बाद दूसरे बैच का प्रशिक्षण 19 से 23 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, परिभाषाएं, हाउस लिस्टिंग, लेआउट मैप तथा आंकड़ा संकलन की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के पहले दिन जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचकर जनगणना की प्रक्रिया, इसकी महत्ता और गोपनीयता के बारे में अधिकारियों को विस्तार से बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के तहत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। वहीं 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post