युवक की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों व ग्रामीणों का सारनाथ थाने पर घेराव, न्याय की मांग

सारनाथ थाना क्षेत्र के घुरहूपुर निवासी दिनेश कुमार ने अपने 17 वर्षीय पुत्र विकास भारद्वाज (विक्की) की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।परिजनों के अनुसार दिनांक 3 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे विकास भारद्वाज अपने दोस्त संदीप राजभर और दशरथ राजभर के साथ घर के बाहर बैठा था। तभी एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी घर के पास आकर रुकी, जिसमें से बमबम सिंह और ठेकेदार रेयाज अहमद उतरे और तीनों लड़कों से अपने घर पर काम करने के लिए कहने लगे। आरोप है कि मना करने के बावजूद बमबम सिंह और रेयाज अहमद ने दबाव बनाते हुए विकास और उसके दोनों दोस्तों को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए।

परिजनों का कहना है कि जब बच्चों को जबरन ले जाया जा रहा था, तभी दिनेश कुमार की भाभी अनीता राजभर ने दौड़कर इसकी सूचना दी। परिवार के लोग बच्चों की तलाश ही कर रहे थे कि उसी दौरान संदीप राजभर का फोन आया और उसने बताया कि विकास भारद्वाज की मौत हो गई है।मृतक के पिता का आरोप है कि जब उन्होंने मकान मालिक बमबम सिंह से इस बारे में सवाल किया तो बमबम सिंह और ठेकेदार रेयाज अहमद ने उन्हें एक कागज पर जबरन हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया और पिस्तौल दिखाते हुए धमकी दी कि अगर कहीं कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा।संदीप राजभर ने परिजनों को बताया कि बमबम सिंह के अर्धनिर्मित मकान में काम कराया जा रहा था, जहां फर्श की मिट्टी कच्ची होने के कारण सेंटरिंग दबने लगी थी। यह देख कई मजदूर डरकर बाहर निकल गए, लेकिन आरोप है कि मकान मालिक बमबम सिंह ने पिस्तौल दिखाते हुए किसी को बाहर निकलने नहीं दिया और कहा कि आज ही काम पूरा करके जाना होगा।बताया गया कि डर के माहौल में विकास और उसके दोस्तों को जबरन अंदर काम करने के लिए भेज दिया गया। इसी दौरान पानी के दबाव के कारण निर्माणाधीन छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसमें विकास भारद्वाज मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप राजभर, दशरथ राजभर सहित अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजनों का कहना है कि विकास भारद्वाज परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।इस घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सारनाथ थाने पहुंचे और हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर थाने का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post