उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ, शाखा वाराणसी द्वारा पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से प्रांतीय पदाधिकारी चुने जाने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कबीर चौरा कंपोजिट स्कूल परिसर में प्रांतीय अध्यक्ष जी.के. शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जबकि संचालन प्रांतीय संरक्षक मुन्नूलाल रावत ने किया।इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रांतीय पदाधिकारियों को प्रतीक चिन्ह, शाल व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जी.के. शर्मा, पिताम्बर चौधरी, बद्री प्रसाद, संगीता गिरी सहित अन्य लोग शामिल रहे।प्रांतीय अध्यक्ष जी.के. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों को संगठित और जागरूक करने के लिए मंडल स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की 20 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार संवेदनशील नहीं है, ऐसे में जुलाई तक महासंघ बड़े आंदोलन की तैयारी करेगा।
प्रांतीय संरक्षक मुन्नूलाल रावत ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति पर लगा प्रतिबंध समाप्त कर नई नियुक्ति की जाए, आशा बहुओं व रसोइयों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए तथा उनका मानदेय 21,000 रुपये निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही सिंचाई विभाग के राधिकारंजन तिवारी के बकाया भुगतान व पेंशन दिलाने तथा स्मारक, संग्रहालय, पार्क व उपवनों में कार्यरत कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ देने जैसी मांगें भी प्रमुख हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जुलाई से पहले इन मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।सम्मान समारोह में मनोज कुमार, रेशमलाल, नीलम देवी, प्रदीप कुमार, शहजाद अहमद सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

