काशी में इन दिनों अवैध स्टैंड की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बिना अनुमति के वाहन स्टैंड संचालित हो रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। हालांकि नगर निगम का दावा है कि शहर में सीमित संख्या में ही स्टैंड को लाइसेंस दिया गया है।नगर निगम के अनुसार ऑटो स्टैंड के लिए शहर में केवल 24 स्थानों को ही अनुमति प्रदान की गई है, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए मात्र 22 स्टैंड को ही लाइसेंस जारी किया गया है। इसके अलावा किसी भी अन्य स्थान पर संचालित हो रहे स्टैंड को अवैध माना जाएगा।नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि नगर निगम द्वारा केवल 22 वाहन स्टैंड को लाइसेंस दिया गया है, जबकि ऑटो स्टैंड की संख्या 24 है। इसके अतिरिक्त शहर में जहां भी स्टैंड संचालित हो रहे हैं, वे अवैध श्रेणी में आते हैं।
इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे और चौराहों पर खुलेआम अवैध स्टैंड संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अवैध स्टैंडों की वजह से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। हैरानी की बात यह है कि इन पर न तो नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है और न ही पुलिस प्रशासन की तरफ से सख्ती दिखाई दे रही है।ऐसे में आम लोगों के लिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि कौन सा स्टैंड अधिकृत है और कौन अवैध। वहीं प्रशासन की नाक के नीचे इस तरह के अवैध स्टैंडों का संचालन कई सवाल खड़े कर रहा है।

