वाराणसी: राजातालाब तहसील में एक अधिवक्ता पर कथित फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में शुक्रवार को वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।वकीलों का आरोप है कि संबंधित अधिवक्ता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है, जिससे पूरे अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है। विरोध स्वरूप राजातालाब के वकीलों ने अदालत में न्यायिक कार्य से दूरी बनाते हुए कार्य बहिष्कार किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अधिवक्ता पर दर्ज मुकदमे को निरस्त किया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।इस दौरान कई अधिवक्ता मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर न्याय की मांग की। वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

