बीएचयू में 16 से ‘वैदिक विज्ञान के विविध स्वरूप’ पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के वैदिक विज्ञान केन्द्र द्वारा 16 से 18 मार्च 2026 तक “वैदिक विज्ञान के विविध स्वरूप” विषय पर त्रिदिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश के लगभग 200 विद्वान, वैज्ञानिक, शिक्षाविद और शोधकर्ता भाग लेंगे।संगोष्ठी में यज्ञ विज्ञान, आयुर्विज्ञान, शब्दतत्त्व विज्ञान, गणित एवं भुवनकोश विज्ञान, पर्यावरण एवं जीवनदर्शन विज्ञान तथा विधि एवं प्रबंधन विज्ञान जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में वैदिक साहित्य में निहित वैज्ञानिक सिद्धांतों का आधुनिक दृष्टि से विश्लेषण किया जाएगा।

सम्मेलन का उद्घाटन 16 मार्च को संस्कृतविद्या धर्मविज्ञान संकाय के संकायप्रमुख प्रो. राजाराम शुक्ल की अध्यक्षता में होगा। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. मुरली मनोहर पाठक और प्रो. रमाकांत पांडेय उपस्थित रहेंगे।समापन सत्र 18 मार्च को सायं 4 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. शिवकुमार शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. शिवशंकर मिश्र होंगे।आयोजकों के अनुसार संगोष्ठी का उद्देश्य वैदिक ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करना तथा युवाओं और शोधार्थियों को वैदिक विज्ञान के अध्ययन और अनुसंधान के लिए प्रेरित करना है। सम्मेलन में कुल सात परिचर्चा सत्रों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post