बड़ी पियरी स्थित मनु कान्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में बलदेव प्रसाद शास्त्री (आचार्य), दुर्गा प्रसाद गुप्ता, राघवेन्द्र चौबे, विजय शंकर मेहता (बिज्जी मजराज) एवं प्रजानाथ शर्मा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज वर्मा (मनु), प्रधानाचार्य अंशुमान वर्मा एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत प्रबंध निदेशक मनोज वर्मा ने किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अजय राय ने कहा कि व्यक्ति को बिना फल की इच्छा के अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए और भाग्य के बजाय कर्म एवं पुरुषार्थ पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने ज्ञान और कर्म के संतुलन को सफलता की कुंजी बताया।कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में 100 से अधिक बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। सरस्वती वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में समूह नृत्य, कत्थक, नाटक ‘धरती के भगवान’ और विभिन्न राज्यों की झलक प्रस्तुत करने वाले कार्यक्रमों ने ‘अनेकता में एकता’ का संदेश दिया।सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण ‘श्री कृष्ण लीला’ नृत्य-नाटिका रही, जिसमें बच्चों ने भक्ति और भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।अंत में विद्यालय की प्रबंधिका प्रीता वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन विनोद वर्मा और अनिता वर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

