पूर्वांचल किसान संगठन के तत्वावधान में किसान नेता अजीत सिंह डोभी के नेतृत्व में चोलापुर स्थित शहीद स्मारक पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्मारक स्थल पर फैली भारी गंदगी के कारण किसानों को पहले साफ-सफाई करनी पड़ी। किसानों ने स्वयं स्थल की धुलाई और सफाई कर उसे व्यवस्थित किया, जिसके बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ।किसानों ने बताया कि यह जिले का एकमात्र शहीद स्मारक है, जो चोलापुर ब्लॉक और थाना से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद यहां उपेक्षा और गंदगी का आलम चिंताजनक है।
इस दौरान किसानों ने चोलापुर शहीद स्मारक से जाने वाले गोला कटारी मार्ग को “शहीद पथ” घोषित करने की मांग उठाई। साथ ही भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और जिलाधिकारी वाराणसी से अनुरोध किया गया कि यहां एक संग्रहालय का निर्माण कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के वीर सपूतों के बलिदान से परिचित हो सकें।किसान नेता अजीत सिंह ने बताया कि वह पहले भी जिले में सबसे ऊंचा तिरंगा स्थापित करने, शहीदों को सलामी देने तथा सेना के दो रिटायर्ड तोप स्थापित करने की मांग प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से कर चुके हैं।

