चैत्र नवरात्रि की चतुर्थी तिथि पर श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल सेवा समिति एवं सालडा समाज सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयकारों और बाजे-गाजे के साथ निकली यह शोभायात्रा ज्ञानवापी स्थित मां श्रृंगार गौरी मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।मंदिर में मध्यान काल में प्रमुख पुजारी योगेश्वर व्यास के सान्निध्य में मां श्रृंगार गौरी का भव्य श्रृंगार कर भोग आरती संपन्न की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां को श्रृंगार सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत डमरू दल द्वारा मंदिर परिसर में भक्तों के बीच श्रृंगार सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इस अवसर पर डमरू दल के अध्यक्ष ॐ नाथ शर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष पुनीत पागल, कोषाध्यक्ष कमलेश पांडेय, संगठन मंत्री विकाश सहित संस्था के सभी सदस्य परिवार सहित उपस्थित रहे।

