विश्व वन दिवस के अवसर पर जनपद के मूड़ा देव क्षेत्र में गंगा तट स्थित भूमि पर “अटल सृजन वन” की भव्य शुरुआत की गई। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रेमी एवं “पर्यावरण ऋषि” के रूप में विख्यात अनिल कुमार सिंह ने किया।कार्यक्रम के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें अर्जुन, अमरूद, नीम, महुआ, शीशम और पलाश समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, हॉर्टिकल्चर विभाग और कई सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम में वन विभाग के रेंजर दिवाकर दूबे, डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अध्यक्ष रोहित सिंह, कृषक उत्पादक संगठन टिकरी के निदेशक अमित सिंह, एचयू के हॉर्टिकल्चर इंचार्ज अश्विनी जी सपत्नीक तथा “सृजन सामाजिक विकास न्यास” की महिला समूह की सदस्याएं भी शामिल रहीं।
इस अभियान के अंतर्गत कुल 30 हजार पौधों के रोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया है। आयोजकों के अनुसार “अटल सृजन वन” को अगले एक वर्ष के भीतर विकसित कर एक सघन और समृद्ध हरित क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” के संकल्प को दोहराते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

