शहर के स्मार्ट सिटी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ट्रामा सेंटर से सामने घाट तक सड़क के बीच डिवाइडर पर लगे बिजली के पोलों में खुले तार छोड़े जाने का मामला उजागर हुआ है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बिजली के तार बिना किसी सुरक्षा कवर के खुले पड़े हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोग, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, कभी भी करंट की चपेट में आ सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर कई स्थानों पर इसी तरह के खुले तार मौजूद हैं, लेकिन संबंधित विभाग अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने इसे घोर लापरवाही बताते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सभी खुले तारों को सुरक्षित कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

