वासंतिक नवरात्र को लेकर काशी में तैयारियां जोरों पर हैं। नवरात्र के प्रथम दिन जहां मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी, वहीं गायघाट स्थित प्रसिद्ध मुखनिर्मालिका गौरी मंदिर में भक्त भवानी गौरी के रूप में देवी का दर्शन-पूजन करेंगे।अलईपुरा स्थित शैलपुत्री देवी मंदिर में भी तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई के साथ आकर्षक सजावट का कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन-पूजन मिल सके, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बांस-बल्ली लगाकर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।प्रशासन और मंदिर समितियां मिलकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचेंगे।नवरात्र को लेकर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

