नई दिल्ली, 28 मार्च 2026:राज्यसभा में आज निजी स्कूलों द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही फीस का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। तेजवीर सिंह ने इस विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।सांसद तेजवीर सिंह ने सदन में कहा कि देशभर में निजी स्कूल मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूल पारदर्शिता के बिना फीस संरचना तय कर रहे हैं और इसका सीधा असर मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “यह केवल फीस वृद्धि का मामला नहीं है, बल्कि लाखों अभिभावकों के शोषण का मुद्दा है। सरकार को इस पर सख्त नियम बनाने चाहिए और दोषी संस्थानों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए।”सदन में इस मुद्दे पर अन्य सदस्यों ने भी समर्थन जताया और शिक्षा क्षेत्र में नियमन की आवश्यकता पर जोर दिया। कई सांसदों ने सुझाव दिया कि एक केंद्रीय नीति बनाई जाए, जिससे निजी स्कूलों की फीस वृद्धि पर नियंत्रण रखा जा सके।सरकार की ओर से जवाब देते हुए संबंधित मंत्री ने कहा कि इस विषय पर राज्यों के साथ मिलकर विचार किया जाएगा और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

