श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने अन्नक्षेत्र में एलपीजी की कमी और भक्तों के लिए भोजन की मात्रा घटाने संबंधी चल रही खबरों को भ्रामक और निराधार बताया है। न्यास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि अन्नक्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारी रवि द्वारा मीडिया के समक्ष दिया गया बयान अधिकृत नहीं है।न्यास ने कहा कि रवि संगठन में केवल एक सामान्य कार्यकर्ता हैं और उनका श्री काशी विश्वनाथ मंदिर अन्नक्षेत्र से किसी प्रकार का वेतन संबंध, आधिकारिक दायित्व या अधिकृत प्रतिनिधित्व नहीं है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एलपीजी की कमी के कारण अन्नक्षेत्र में समस्या होने और भोजन की मात्रा कम किए जाने की बात कही थी, जो पूरी तरह गलत और वास्तविक स्थिति से परे है। यह भी कहा गया कि संभवतः उन्होंने कैमरे के सामने बोलने के उत्साह या असावधानी में यह बयान दे दिया। अन्नक्षेत्र की रसोई व्यवस्था और संचालन को लेकर मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पहले ही आधिकारिक स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।न्यास ने सभी मीडिया संस्थानों और आमजन से अपील की है कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के असत्य बयानों के आधार पर अनावश्यक सनसनी या भ्रम की स्थिति न उत्पन्न करें।

