धर्मसंघ द्वारा बनारस घराने की समृद्ध शास्त्रीय परंपरा को समर्पित तीन दिवसीय ‘काशी संगीत कला महोत्सव’ का आयोजन 26, 27 एवं 28 मार्च को दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर में किया जाएगा। प्रतिदिन सायं 7 बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के 60 से अधिक कलाकार सुर, लय और ताल के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देंगे।रविवार को मणि मंदिर प्रांगण में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक पं. जगजीतन पाण्डेय एवं सह संयोजक पं. देवब्रत मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में 35 प्रमुख और 25 सहयोगी कलाकार भाग लेंगे, जो बनारस घराने की परंपरा को जीवंत करेंगे।उन्होंने बताया कि महोत्सव में बनारस घराने के दिग्गज कलाकारों जैसे पं. किशन महाराज, गिरिजा देवी, सितारा देवी, पं. अनोखेलाल समेत कई महान विभूतियों के शिष्य प्रतिनिधि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव का शुभारंभ 26 मार्च को संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित पं. जवाहरलाल के शहनाई वादन से होगा। इसके बाद गायन, कथक, सितार, तबला और अन्य शास्त्रीय विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार गायन, वादन और नृत्य के माध्यम से बनारस घराने की परंपरा को मंच पर साकार करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर पं. शिवनाथ मिश्र, डॉ. मंगला कपूर सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

