वाराणसी: पंचगंगा घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक बिहार से वाराणसी घूमने आया था।

बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ काशी भ्रमण पर आया था और सुबह पंचगंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा। घाट पर मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने उसे गहरे पानी में जाने से मना किया था। हालांकि युवक ने खुद को अच्छा तैराक बताते हुए उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और नदी में उतर गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में युवक सामान्य रूप से तैरता नजर आया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक युवक लापता हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है और उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों में शोक और दहशत का माहौल है।प्रशासन ने एक बार फिर गंगा घाटों पर स्नान करते समय सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बाहरी पर्यटकों से नदी की गहराई और तेज धारा को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post