शहर में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां विश्वसुंदरी पुल से एक युवक ने गंगा नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान राजातालाब थाना क्षेत्र के नागेपुर निवासी देवा राजभर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।परिजनों के अनुसार, देवा का कुछ लोगों से एक लड़की को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी। किसी तरह वह वहां से बचकर अपने घर पहुंचा, लेकिन इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि संबंधित पक्ष के लोग उसे लगातार तलाश रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
मृतक के बहनोई पप्पू कुमार ने बताया कि भय के कारण देवा पिछले दो दिनों से उनके घर पर छिपकर रह रहा था। परिवार के लोग उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी दबाव में आ गया था।घटना वाले दिन देवा घर से यह कहकर निकला कि वह मौसी के यहां जा रहा है, लेकिन वह सीधे विश्वसुंदरी पुल पहुंच गया। वहां से उसने अपने परिजनों को फोन कर अपनी गाड़ी और चाबी लेने के लिए बुलाया। परिजन जब तक मौके पर पहुंचते, वह गंगा में छलांग लगा चुका था।सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद शव को बाहर निकाला गया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर भी पड़ताल की जा रही है।


