मिर्जापुर में अधिवक्ता व पूर्व ग्राम प्रधान की हत्या, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

मिर्जापुर में अधिवक्ता व देवरी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान राजीव कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने राजीव कुमार उर्फ रिंकू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो गया था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह के नेतृत्व में पांच टीमें गठित की गई थीं। शनिवार रात करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा पीएसी कंपाउंड के पीछे छिपा हुआ है।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।घायल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post