पुलिस लाइन में 491 महिला आरक्षी प्रशिक्षण पूर्ण करने को तैयार, 20 अप्रैल को पासिंग आउट परेड

शिव की नगरी वाराणसी की पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहीं 491 महिला आरक्षी अब सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। योगी सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित ये महिला कांस्टेबल 20 अप्रैल को पासिंग आउट परेड के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन जाएंगी।करीब 9 माह के कठोर प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों को इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की ट्रेनिंग दी गई है। इसमें फिजिकल ट्रेनिंग, दंगा नियंत्रण, शस्त्र संचालन, साइबर क्राइम, फॉरेंसिक साइंस, कानून की बारीकियां, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं से उन्हें दक्ष बनाया गया है। साथ ही सॉफ्ट स्किल, सामाजिक पुलिसिंग और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षु महिला आरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग के सभी आवश्यक गुण सिखाए गए हैं, जिससे वे भविष्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकें।प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों के रहने और खाने की समुचित व्यवस्था पुलिस लाइन में की गई है। 12 मंजिला भवन और बैरकों में बंक बेड, आरओ वाटर, कैंटीन और मेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।मिशन शक्ति अभियान के तहत ये महिला आरक्षी न केवल अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेंगी, बल्कि समाज में महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे पुलिस की वर्दी में समाज की सेवा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। कई आरक्षियों ने इसे अपने जीवन का गर्वपूर्ण क्षण बताते हुए सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की।20 अप्रैल को होने वाली पासिंग आउट परेड के बाद ये सभी महिला आरक्षी प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post