‘अंडे के छिलके’ नाटक की रोचक प्रस्तुति, दर्शकों ने लिया भरपूर आनंद

नगर की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था कामायनी वाराणसी के तत्वावधान में प्रसिद्ध नाटककार मोहन राकेश के चर्चित नाटक ‘अंडे के छिलके’ का प्रभावशाली मंचन श्री नागरी नाटक मंडली के ट्रस्ट हॉल में किया गया। नाटक का निर्देशन अमलेश श्रीवास्तव ने किया।यह प्रस्तुति ऑल इंडिया कल्चरल काउंसिल के दो दिवसीय बनारस अधिवेशन के पहले दिन का मुख्य आकर्षण रही। हास्य प्रधान इस नाटक ने शुरुआत से ही दर्शकों को बांधे रखा और कलाकारों के सजीव अभिनय व चुटीले संवादों ने सभी को खूब गुदगुदाया।

नाटक में नई और पुरानी पीढ़ी के बीच विचारों के टकराव तथा सामाजिक वर्जनाओं को हास्य के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कहानी के जरिए पीढ़ियों के बीच सामंजस्य स्थापित करने का संदेश भी दिया गया।मंचन में वीणा सहाय ने माँ की भूमिका में गरिमा दिखाई, जबकि कुसुम मिश्रा और राजलक्ष्मी मिश्रा ने जेठानी-देवरानी के पात्रों को जीवंत किया। अमन श्रीवास्तव ने पीढ़ियों के बीच संतुलन बनाने वाली भूमिका को बखूबी निभाया। वहीं भास्कर मिश्रा और अंकित मिश्रा ने अपने चुटीले संवादों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। निर्देशक अमलेश श्रीवास्तव ने स्वयं बड़े भाई की भूमिका निभाई।संगीत में कमलेश कांत के वायलिन ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाया, जबकि मंच सज्जा उत्सव श्रीवास्तव द्वारा आकर्षक ढंग से की गई।कार्यक्रम के अंत में कामायनी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post