अखण्डभूमंडलाचार्य जगद्गुरु श्रीवल्लभाचार्य जी के 549वें प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर श्री शुद्धाद्वैत जप-यज्ञ समिति, वाराणसी द्वारा 75वें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 16 अप्रैल 2026 तक विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ सम्पन्न होगा।इसी क्रम में 6 से 12 अप्रैल तक गीता भवन, चौखम्भा में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है, जिसमें पं. चन्दनकृष्ण शास्त्री (हाजीपुर) प्रतिदिन कथा वाचन करेंगे।
मुख्य प्राकट्य महोत्सव 13 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जतनवर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए चौखम्भा स्थित श्रीकृष्ण भवन पहुंचेगी। इसके बाद आचार्यों के प्रवचन, बधाई कीर्तन एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।14 अप्रैल को गीता स्वाध्याय के साथ समिति का वार्षिकोत्सव आयोजित होगा, जिसमें बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी और संगीतमय संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। वहीं 16 अप्रैल को पुष्टि मार्गीय वार्ता साहित्य पर आधारित नाटक का मंचन भी किया जाएगा।

