संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 251 शिकायतों में सिर्फ 15 का मौके पर निस्तारण

राजातालाब तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने की, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस में सड़क, चक रोड, बंजर भूमि व सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा, निजी भूमि के नामांतरण में गड़बड़ी, त्रुटिपूर्ण अभिलेख, खाद्य आपूर्ति, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

बेनीपुर गांव की निवासी लक्ष्मीना ने वरासत निरस्त किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लेखपाल को फटकार लगाई और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत गंगापुर के बिहारी लाल ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की समस्या उठाई।इसके अलावा मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव निवासी कोटाधारक बैजनाथ सिंह पटेल ने दुकान की मरम्मत और सरकारी दर सूची प्रदर्शित कराने की मांग रखी। डोमैला गांव के अरुण कुमार पांडेय ने सरकारी रास्ते पर कब्जा कर बाउंड्री वाल बनाने की शिकायत की।इस दौरान कुल 251 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र 15 का मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के अंत में एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post