“परिवार सबसे बड़ी पूंजी—सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में दिया आपसी संवाद से विवाद सुलझाने का संदेश”

लखनऊ, 13 अप्रैल — योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने पारिवारिक विवादों को लेकर भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “परिवार सबसे बड़ी पूंजी है” और ऐसे मामलों को आपसी समझदारी से घर में ही सुलझाना बेहतर होता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ लोग उनका परिवार हैं और एक मुखिया के रूप में उनकी समस्याओं का समाधान कराना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर समस्या का निस्तारण तत्परता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।

पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि पुलिस या प्रशासन की मदद अंतिम विकल्प के रूप में ही ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार में आपसी संवाद और समझदारी से अधिकांश समस्याएं हल की जा सकती हैं। “परिवार में थोड़ा झुकने से सम्मान कम नहीं होता, बल्कि रिश्ते मजबूत होते हैं,” उन्होंने कहा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि हर शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक हो।इसके साथ ही, उन्होंने अवैध कब्जे के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि किसी भी कमजोर व्यक्ति को उजाड़ने वालों को बख्शा न जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


Post a Comment

Previous Post Next Post