आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के सीहोरवा उत्तरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार सुबह करीब 11 बजे ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मोनाश विश्वविद्यालय से आए तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के बच्चों ने अतिथियों का माल्यार्पण व तिलक लगाकर अभिनंदन किया।प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विद्यालय परिसर में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वे विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे, जहां बच्चों ने कविता, गिनती और पहाड़ा सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर मेहमानों ने उनकी सराहना की और चॉकलेट बांटकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।कार्यक्रम के अवसर पर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक हेमंत राव, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी आराजी लाइन शशिकांत श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी संजय कुमार यादव, प्रधानाध्यापक राकेश सिंह, सहायक अध्यापक दिलीप कुमार, कमलेश, सहायक अध्यापिका बबीता सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

