आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी (रामनगर) में नारी शक्ति वंदन अधिनियम–2023 के अंतर्गत दो दिवसीय “नारी शक्ति पदयात्रा–2026” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 16 एवं 17 अप्रैल को आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं और शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही।कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से छात्राओं ने हाथों में बैनर लेकर पदयात्रा निकाली, जो सेमरा, डोमरी तथा बाल विद्यालय मार्ग से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में छात्राएं एवं शिक्षिकाएं शामिल हुईं।इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। प्रमुख नारों में—“कोमल है कमजोर नहीं तू, शक्ति का नाम ही नारी है”,“तू नारी नहीं चिंगारी है, मौत भी तुझसे हारी है”,“नारी सम्मान हमारा अभिमान” एवं“नारी शक्ति राष्ट्र की पहचान” शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा हेतु शपथ भी ली। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने तथा समाज से भेदभाव, अन्याय और अत्याचार समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।महाविद्यालय परिसर में छात्राओं को श्रृंखला बनाकर तथा कक्षाओं में एकत्रित कर नारी शक्ति के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें जागरूक किया गया।महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।अवसर पर सी.एम.ओ. श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय, डॉ. प्रतिमा राय, डॉ. लक्ष्मी, श्रीमती सीमा मिश्रा, श्रीमती अल्पा तिवारी, वैशाली पाण्डेय, अंजली विश्वकर्मा, अनामिका तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

