बनारस रेल इंजन कारखाना के केंद्रीय चिकित्सालय में मातृ व शिशु पोषण पखवाड़े (9 से 23 अप्रैल) के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन और प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डॉ. देवेश कुमार ने मातृ एवं शिशु पोषण, बच्चों के मानसिक विकास, स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभाव और स्वास्थ्य-शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. तन्मय आनंद ने बच्चों के संतुलित आहार पर जोर दिया, जबकि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुलिका सिंह और डॉ. प्रेक्षा पांडेय ने गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाओं के पोषण पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम में छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मातृ-शिशु पोषण और मोबाइल से दूरी के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पापुलर अस्पताल से आईं शिक्षिका सुप्रिया सहित नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

