वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी थाना मड्डुवाडीह क्षेत्र के महेशपुर इंडस्ट्रियल एरिया से की गई। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 09 मोबाइल फोन (07 एंड्रॉयड व 02 कीपैड) बरामद किए हैं, जो विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष पाल और विनोद यादव के रूप में हुई है। दोनों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर रहा है। आशीष पाल के खिलाफ वाराणसी के कैंट और चोलापुर थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विनोद यादव पर जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही और जीआरपी में एनडीपीएस एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।इस पूरी कार्रवाई को थाना आदमपुर की पुलिस टीम और कमिश्नरेट वाराणसी की सर्विलांस व साइबर सेल ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा सहित कई उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब दोनों अभियुक्तों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

