वाराणसी के भेलूपुर स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान में संचालित पूर्व वित्त मंत्री स्व. हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ‘हरीशजी’ क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर में रविवार को विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान युवा क्रिकेटरों को खेल कौशल विकसित करने और मानसिक रूप से मजबूत बनने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।शिविर का संचालन चिंतामणि मुखर्जी क्रिकेट स्पोर्ट्स अकादमी एवं आनंद क्रिकेट अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। रविवार को आयोजित कार्यशाला में स्किल डेवलपमेंट और मानसिक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद क्रिकेट अकादमी के संस्थापक और वरिष्ठ क्रिकेटर पीपी आनंद मिश्रा रहे। उन्होंने प्रशिक्षु खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बुनियादी तकनीकों की जानकारी दी।साथ ही खिलाड़ियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लक्ष्य निर्धारण, प्राथमिकताओं का सही चुनाव, सकारात्मक माइंडसेट और अनुशासन के महत्व को विस्तार से समझाया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि खेल में सफलता के लिए तकनीकी कौशल के साथ-साथ मजबूत मानसिकता भी बेहद जरूरी है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का लाभ उठाया।

