BLW मैदान में आयोजित ऐतिहासिक महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ के दूसरे दिन का मंचन भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शक अपने परिवार सहित शामिल हुए। नाटक के माध्यम से सम्राट विक्रमादित्य के साहस, न्यायप्रियता और भारतीय संस्कृति के गौरवशाली पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।
मंत्री अनिल राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इसे सनातन परंपरा के पुनर्जीवन का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।भव्य मंच सज्जा, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था के साथ कलाकारों के जीवंत अभिनय ने पूरे वातावरण को ऐतिहासिक रंग में रंग दिया। बच्चों और युवाओं में नाटक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।आयोजकों ने बताया कि इस महानाट्य का उद्देश्य सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाना और भारत के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है। आगामी दिनों में भी इस प्रकार के मंचन जारी रहेंगे।

