श्रीमद्वल्लभाचार्य जी के प्राकट्य महोत्सव पर श्री गोपाल मंदिर में होंगे विविध आयोजन

चौखम्भा स्थित श्री गोपाल मंदिर में शुद्धाद्वैत ब्रह्मवाद एवं पुष्टिमार्ग के संस्थापक जगद्गुरु श्रीमद्वल्लभाचार्य महाप्रभुजी का 549वां चतुर्दिवसीय प्राकट्य महोत्सव 11 से 14 अप्रैल 2026 तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री मुकुन्द गोपाल सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है।पत्रकार वार्ता में षष्ठपीठाधीश्वर गोस्वामी श्याममनोहर महाराज ने बताया कि महाप्रभु वल्लभाचार्य का अवतरण दैवी जीवों के उद्धार और पुष्टिभक्ति के प्रसार के लिए हुआ था। उन्होंने पुष्टिमार्ग की स्थापना कर काशी को केशवपुरी के रूप में प्रतिष्ठित किया। 

चार दिवसीय कार्यक्रम के तहत 11 अप्रैल को भक्ति संगीत से महोत्सव का शुभारंभ होगा। 12 अप्रैल को पुष्टिध्वजारोहण, दुग्धाभिषेक तथा निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। 13 अप्रैल को प्राकट्य दिवस पर विशेष पूजन, स्तोत्र पाठ और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर में सभा के रूप में परिवर्तित होगी। इस दौरान विद्वानों के प्रवचन एवं वरिष्ठ वैष्णवों का सम्मान भी किया जाएगा। 14 अप्रैल को संगीत संध्या के साथ महोत्सव का समापन होगा।पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी अतुल शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post