नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर वाराणसी में महिलाओं का प्रदर्शन, विपक्ष के खिलाफ मशाल जुलूस

नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर  वाराणसी में महिलाओं का आक्रोश देखने को मिला। लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शालिनी यादव के नेतृत्व में महिलाओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और इसके बाद मशाल जुलूस निकाला।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की। “आधी आबादी को हक पाने से रोका क्यों?” और “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने किया अपमान” जैसे नारों के साथ महिलाएं आजाद पार्क से मशाल जुलूस निकालते हुए आगे बढ़ीं।

इस मौके पर शालिनी यादव ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन बिल का विरोध महिला सशक्तिकरण के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं को संसद और विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से यह बिल लाया गया था, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कारण इसे पास नहीं होने दिया गया।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दल महिला आरक्षण के मुद्दे को भ्रमित कर पिछड़े वर्ग की महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे महिलाएं भली-भांति समझ रही हैं। शालिनी यादव ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगी और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देंगी।प्रदर्शन में गुंजा राजभर, शकुंतला देवी, डॉली चक्रवर्ती, कंचन चतुर्वेदी, तरुणा चतुर्वेदी, अधिवक्ता संध्या विश्वकर्मा, काजल तिवारी, चंदा मिश्रा, गुड़िया प्रजापति और ईशा प्रजापति सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।



Post a Comment

Previous Post Next Post