जंसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंसा मछली मंडी के समीप शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।सूचना पर जंसा चौकी प्रभारी मयंक सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।फिलहाल, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

