महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 25 से 28 जुलाई के बीच की तिथियां प्रस्तावित कर इन्हें कुलाधिपति व प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अनुमोदन के लिए भेज दिया है। अंतिम तिथि पर मुहर लगने के बाद औपचारिक तैयारियां तेज की जाएंगी।राजभवन के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित करने के उद्देश्य से जुलाई में ही दीक्षांत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में कुलपतियों के साथ हुई बैठक में भी यह निर्णय साझा किया गया था।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत दीक्षांत समारोह से लगभग पांच दिन पहले विश्वविद्यालय में ‘दीक्षांत महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। राज्यपाल द्वारा अंतिम तिथि घोषित होने के बाद महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।समारोह की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन जून तक सेमेस्टर परीक्षाएं पूर्ण कराने और जुलाई के पहले सप्ताह तक परिणाम जारी करने की योजना पर काम कर रहा है। साथ ही नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया और काउंसिलिंग भी जुलाई के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रस्तावित तिथियों में से किसी एक दिन की स्वीकृति मिलते ही समितियों का गठन, मुख्य अतिथि के चयन और पदक-पुरस्कार से जुड़ी प्रक्रियाएं तेज कर दी जाएंगी।


