क्रिकेट मैच के दौरान जमकर हंगामा, बच्चों को पीटने का आरोप, बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं से भी अभद्रता

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ दबंग युवकों ने बच्चों और स्थानीय युवकों पर लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।पीड़ित पक्ष की ओर से थाना लालपुर-पांडेयपुर में लिखित शिकायत देकर कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

नई बस्ती निवासी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, शाम करीब 6 बजे वह अपने साथियों और बच्चों के साथ माँ काली लॉन में क्रिकेट मैच खेल रहे थे। इसी दौरान भीम गुप्ता, शिवम सोनकर, विशाल सोनकर समेत 10 से 15 लोग मौके पर पहुंचे और खेलने को लेकर विवाद करने लगे।आरोप है कि बच्चों द्वारा अपने साथ खेलने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद स्थानीय युवक जब समझाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मारपीट शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया है। वहीं हमलावरों द्वारा कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त करने की बात सामने आई है।पीड़ित अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी जाते समय पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपियों की एक गाड़ी मौके पर छूट गई।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post