मिसिरपोखरा स्थित केयर एंड करियर स्कूल में आयोजित समर कैंप का भव्य समापन समारोह बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रदर्शनों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आत्मविश्वास बढ़ाने एवं व्यक्तित्व निखारने का प्रशिक्षण दिया गया। स्वयं निर्माण गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों ने लिपान कला, कांच चित्रकारी, गुब्बारा कठपुतली, कूदने वाला मेंढक तथा कागज की गुड़िया बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।विज्ञान प्रयोगों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने प्राकृतिक जल शुद्धिकरण, मानव हृदय की कार्यप्रणाली तथा संरचना निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को रोचक ढंग से समझा। बिना अग्नि के पाक कला गतिविधि में बच्चों ने विभिन्न व्यंजन तैयार किए। इसके साथ ही फल सज्जा गतिविधि में फलों को फूलों के आकार में काटकर आकर्षक ढंग से सजाया गया।
संगीत सत्र में बच्चों को राम भजन एवं कृष्ण भजन सिखाए गए। वहीं नृत्य प्रशिक्षण के दौरान अदिति मोहले द्वारा बच्चों को अत्यंत लगन, धैर्य एवं उत्साह के साथ प्रशिक्षण दिया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अरुंधति मिश्र ने समर कैंप को विद्यार्थियों के लिए सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं प्रतिभा निखारने का श्रेष्ठ मंच बताया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी।इस अवसर पर चेयरमैन आनंद किशोर मिश्र ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं डायरेक्टर अंकित मिश्र एवं केशकी मिश्र ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास को नई पहचान दी है।कार्यक्रम का संचालन समन्वयक सुगीता मेहरा ने किया।

