राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में मंगलवार देर रात हाईकोर्ट के गेस्ट हाउस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग गेस्ट हाउस के एक कमरे में लगे स्प्लिट एसी में शॉर्ट सर्किट होने से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया।घटना की जानकारी मिलते ही गेस्ट हाउस में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
आग और धुएं के बीच गेस्ट हाउस के अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।हालांकि आग में कमरे का फर्नीचर, एसी और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।


