उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में घंटों बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बढ़ते तापमान और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरों में भी बार-बार बिजली गुल होने से पेयजल संकट और कारोबार पर असर पड़ रहा है।कन्नौज जिले में बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। हालात को गंभीर मानते हुए प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री असीम अरुण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही कटौती से जनता परेशान है और बिजली व्यवस्था को जल्द सुधारने की जरूरत है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में बढ़ी बिजली मांग और तकनीकी समस्याओं के कारण कई इलाकों में आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऊर्जा विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त बिजली खरीदने और फॉल्ट सुधारने का काम तेजी से किया जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके।वहीं विपक्ष ने बिजली संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार बिजली व्यवस्था संभालने में विफल रही है, जबकि सरकार का दावा है कि जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।


