उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गर्म पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से पूरे प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुष्क मौसम के कारण विकिरणीय उष्मन तेजी से बढ़ा है, जिसकी वजह से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रदेश के 21 प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। कई इलाकों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और झांसी जैसे शहरों में गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।


